टीम को आया देख कोल्ड स्टोर संचालक ने खुद ही श्रमिक लगाकर अतिक्रमण तोड़ना शुरू कर दिया

एटा – प्रशासन के अतिक्रमण रोधी अभियान से कब्जेदार पहले ही सजग हो गए हैं। शनिवार को दो स्थानों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इसमें एक कोल्डस्टोर के अंदर तालाब की जमीन पर कब्जे की शिकायत पर टीम को आया देख कोल्ड स्टोर संचालक ने खुद ही श्रमिक लगाकर अतिक्रमण तोड़ना शुरू कर दिया है।
जिला मजिस्ट्रेट अंकित कुमार अग्रवाल के निर्देशन में जनपद में सरकारी भूमि से अवैध अतिक्रमण को हटवाए जाने की प्रक्रिया लगातार जारी है। तीनों तहसीलों के लेखपालों के साथ बैठक कर डीएम पहले ही निर्देश दे चुके हैं कि सभी लेखपाल अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर ग्राम सभा सम्पत्ति रजिस्टर को पूराकर यह सुनिश्चित कर लें कि किसी भी सरकारी भूमि पर कब्जा नहीं होना चाहिए।
एसडीएम अलीगंज की ओर से भेजी गई राजस्व टीम द्वारा तहसील अलीगंज क्षेत्र के ग्राम गढ़ी रोशन परगना आजमनगर के गाटा संख्या 289 रकबा 0.514 हेक्टेयर है। इसमें आरएस कोल्ड स्टोर संचालित हैं। इसके उत्तर में स्थित चकमार्ग गाटा संख्या 290 रकबा 0.032 हेक्टेयर की पैमाइश की गई। चकमार्ग का रकबा कोल्ड स्टोर की बाउण्ड्रीवाल के अंदर पाया गया। इसे स्वयं कोल्ड स्टोर स्वामी ने बाउण्ड्रीवाल तुड़वाकर चकरोड पूर्णतः कब्जामुक्त कर दिया है। इसके अलावा कोल्ड स्टोर के पश्चिम तरफ तालाब संख्या 292 रकबा 0.202 हेक्टेयर की भी पैमाइश कर निशानदेही कर दी गई है। इसे कोल्ड स्टोर स्वामी ने खुद कब्जा हटाने के लिए श्रमिकों को लगा दिया है और कब्जामुक्त कर रहे हैं।
सदर तहसील में कब्जा मुक्त कराई 70 बीघा फसल
एटा सदर तहसील क्षेत्र के गांव ततारपुर में 70 बीघा जमीन पर कब्जा था। इस पर गांव के एक दर्जन से अधिक लोगों ने कब्जा कर लिया था। कई बार नोटिस के बाद भी जमीन को छोड़ नहीं रहे थे। शनिवार को एसडीएम शिवकुमार, तहसीलदार, पुलिस फोर्स के साथ गांव में पहुंचे। इस जमीन पर गेहूं की फसल खड़ी हुई थी। फसल को कुर्क कर लिया। गेहूं कटवा लिया गया। जमीन पर अब जिला प्रशासन ने कब्जा कर लिया है।
जिला पंचायत सदस्य व सपा नेता का है कोल्ड स्टोर
आरएस कोल्ड स्टोर विक्रांत यादव के नाम पर है। वे जिला पंचायत सदस्य और सपा नेता हैं। उनकी मां शीला यादव वर्तमान में जैथरा ब्लॉक की प्रमुख हैं, जबकि पिता रामनाथ यादव पूर्व ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं।