
कृषि विभाग के बाबू ने खुद को मारी गोली, मौत – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – क्वार्सी क्षेत्र की गली नंबर एक में कृषि विभाग के एक बाबू ने खुद को गोली मारकर जान दे दी। परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस उसे लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल लेकर पहुंची। वहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। डेढ़ माह पहले ही उसकी शादी हुई थी। शुभम सक्सेना 32 वर्ष पुत्र स्व: प्रभात सक्सेना निवासी क्वार्सी गली-1, क्वार्सी वर्तमान में मृदा सर्वेक्षण अधिकारी कार्यालय में कनिष्ठ सहायक के पद पर तैनात था। दस वर्ष पहले पिता की मौत होने पर उसे मृतक आश्रित कोटे में नौकरी मिली थी। मृतक के भाई अनूप के मुताबिक शुभम मंगलवार रात को हंसी-खुशी घर आया और परिवार के साथ खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। रात दो बजे करीब अचानक से उसके कमरे में गोली चलने की आवाज आई। परिवार वालों का आंख खुली और वह कमरे की ओर दौड़े। कमरे में भाई लहुलूहान हालत में पड़ा मिला। तत्काल पुलिस को सूचना देकर उसे अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अनूप के मुताबिक शुभम की बीती पांच फरवरी को मीनाक्षी सक्सेना निवासी कुंवरपुर पहासू, बुलंदशहर से शादी हुई थी। होली पर उसकी पत्नी भी मायके चली गई थी। उसने आत्महत्या क्यों कि इसकी कोई वजह स्पष्ट नहीं है। परिवार में किसी से कोई विवाद नहीं हुआ था। इधर, क्वार्सी इंस्पेक्टर विजय सिंह ने बताया कि आत्महत्या के मामले में जांच की जा रही है। फिलहाल परिवार वाले कोई भी स्पष्ट वजह नहीं बता पा रहे हैं। शव पोस्टमार्टम के बाद परिवार वालों को सौंप दिया है।