
सपा उम्मीदवार को नामांकन बचाने के लिए पेश करने होंगे प्रस्तावक – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – एमएलसी चुनाव में अलीगढ़-हाथरस सीट पर सपा उम्मीदवार का नामांकन खतरे में हैं। नामांकन पत्र बचाने के लिए आज सुबह 10 बजे तक प्रस्तावक पेश करने होंगे। भाजपा उम्मीदवार ने सपा के तीन प्रस्तावकों पर आपित्त उठाई है। आरोप है कि सपा के पास प्रस्तावक नहीं थे और फर्जी हस्ताक्षर कराकर प्रस्तावक बनाए गए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सपा उम्मीदवार को आज सुबह 10 बजे तक का समय दिया है। एमएलसी चुनाव में भाजपा जिलाध्यक्ष एवं अतरौली निवासी चौ. ऋषि पाल सिंह व हाथरस के सिकंदराराऊ निवासी जसवंत सिंह ने सपा से नामांकन दाखिल किया है। चुनाव आयोग के कार्यक्रम के तहत मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच थी।नामांकन पत्रों की जांच के दौरान भाजपा उम्मीदवार ने सपा के तीन प्रस्तावकों पर आपत्ति दर्ज कराई। कहा कि तीनों प्रस्तावक फर्जी हैं और उनके हस्ताक्षर गलत हैं। डीएम न्यायालय में प्रेक्षक राजेंद्र प्रताप सिंह, जिला निर्वाचन अधिकारी सेल्वा कुमारी जे व उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार पटेल एवं भाजपा उम्मीदवार व सपा उम्मीदवार के प्रतिनिधि सुनील यादव की मौजूदगी में नामांकन पत्रों की जांच की गई। आपत्ति के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने सपा के तीनों प्रस्तावकों को तलब किया। हालांकि सपा दो महिला प्रस्तावक ही पेश कर पाई। दोनों महिला प्रस्तावकों के जिला निर्वाचन अधिकारी के सामने बयान हुए। एक पुरुष प्रस्तावक सपा पेश नहीं कर पाई। सपा की ओर से तर्क दिया गया कि तीसरे प्रस्तावक रिश्तेदारी में किसी की मृत्यु हो गई है, जिसके कारण नहीं सके। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सपा उम्मीदवार जसवंत सिंह को बुधवार सुबह 10 बजे तक प्रस्तावक पेश करने के निर्देश दिए हैं। सपा सुबह 10 बजे तक प्रस्तावक नहीं ला पाई तो नामांकन निरस्त कर दिया जाएगा।नामांकन पत्रों की जांच व नामांकन निरस्त होने को लेकर सपाईयों ने दिनभर कलक्ट्रेट में डेरा डाले रखा। नामांकन कक्ष में जाने को लेकर सपाईयों ने कलक्ट्रेट में हंगामा किया।नामांकन कक्ष में घुसे सपाईयों को जिला निर्वाचन अधिकारी ने बाहर करा दिया। सपा जिलाध्यक्ष गिरीश यादव ने कहा कि भाजपा के इशारे पर प्रशासन सपा उम्मीदवार का नामांकन निरस्त करना चाह रहा है। भाजपा नहीं चाहती है तो उसके सामने कोई उम्मीदवार चुनावी मैदान में आए। गिरीश यादव ने कहा कि सर्बती देवी व गुड्डी देवी प्रस्तावक थीं उनको पेश किया गया। उनके हस्ताक्षर सही पाए गए। तीसरे प्रस्तावक प्रमोद कुमार नहीं आ पाए थे। बुधवार की सुबह उनको भी पेश किया जाएगा।नामांकन पत्रों की जांच व हंगामे को लेकर कलक्ट्रेट परिसर में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। मुख्य गेट से लेकर नामांकन कक्ष के भीतर किसी को नहीं आने दिया जा रहा था। सपाई प्रस्तावक लाने के लिए सुरक्षा कर्मियों से गेट खोलने की गुहार लगा रहे थे। सपाइयों की कई बार पुलिस से तीखे नोकझोंक भी हुई। बड़ी संख्या में सपाई शाम को पांच बजे तक कलक्ट्रेट परिसर में डटे रहे। इस मौके पर अब्दुल हमीद घोसी, मनोज यादव, राजेश सैनी, आशीष मोहन यादव, मनीष शर्मा, राजेश माहौर, लक्ष्मीधनगर, प्रभात कुमार मौजूद रहे, राकेश कुमार पटेल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बतया कि भाजपा की ओर से तीन प्रस्तावकों के हस्ताक्षर पर आपत्ति दर्ज कराई गई थी। जिसके बाद सपा को नोटिस जारी कर प्रस्तावकों को तलब किया गया था। सपा की ओर से दो महिला प्रस्तावक आईं थीं। एक प्रस्तावक की पेशी नहीं हो पाई। जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से सपा उम्मीदवार को बुधवार सुबह 10 बजे तक प्रस्तावक पेश करने का समय दिया है।