
हेल्पडेस्क कराएगी यूपी बोर्ड परीक्षार्थियों को तैयारी – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश (यूपी बोर्ड) परीक्षा 2022 के लिए हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों की बेहतर तैयारी कराने के लिए विषय विशेषज्ञ शिक्षकों का पैनल गठित कर हेल्प डेस्क बनाई गई हैं। ये हेल्प डेस्क तहसीलवार बनाई गई हैं। हर तहसील में हेल्प डेस्क का नोडल अधिकारी भी नामित किया गया है। सभी तहसीलों की हेल्प डेस्क के लिए नोडल केंद्र बाबूलाल जैन इंटर कालेज को बनाया गया है। हेल्प डेस्क पर विद्यार्थी संपर्क कर अपनी विषयगत समस्याओं व शंकाओं का समाधान भी पा सकते हैं। डीआइओएस डा. धर्मेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि जिले में 19 विषय विशेषज्ञों का पैनल तैयार किया गया है। इनका नोडल अधिकारी डा. संजय कुमार को बनाया गया है, जो लाल बहादुर शास्त्री इंटर कालेज के प्रधानाचार्य हैं। विद्यार्थी 9927083681 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। बताया कि खैर तहसील के लिए रामगोपाल सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इनसे 8979686672 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। गभाना तहसील के लिए 10 विषय विशेषज्ञ तय किए गए हैं जिनके नोडल विजेंद्र कुमार शर्मा हैं। इनसे विद्यार्थी 9634589327 पर संपर्क कर सकते हैं। कोल तहसील में 14 विषय विशेषज्ञों का पैनल बनाया गया है, इसके नोडल अधिकारी बाबूलाल जैन इंटर कालेज के प्रधानाचार्य अंबुज जैन को बनाया गया है। विद्यार्थी 9412730489 पर संपर्क कर सकते हैं। अतरौली तहसील के लिए पीके श्रोती को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इनसे 9412593440 पर संपर्क किया जा सकता है। इगलास तहसील के लिए कुशलपाल सिंह को नोडल अधिकारी बनाया है, इनसे 9412672269 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेद्र कुमार शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की अच्छी तैयारी कराने के लिए यह कवायद की गई है। क्योंकि कोरोना काल में विद्यालयों के बंद रहने से अच्छी तरह से विद्यार्थियों की ठीक से पढ़ाई नहीं हो सकी थी।