
अल्ट्रासाउंड के लिए भटकते रहे मरीज,नही पहुँचे डॉक्टर
एटा- मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों की ड्यूटी का समय सुबह आठ बजे निर्धारित किया गया है, लेकिन चिकित्सक अपनी मनमानी के चलते समय से नहीं पहुंच रहे हैं। जबकि जिम्मेदारों ने अव्यवस्थाओं से नजरें ही फेर रखी हैं। सोमवार सुबह आठ बजे से ही अल्ट्रासाउंड कराने के लिए मरीज कतार में लग गए। जबकि चिकित्सक 10.30 बजे पहुंचे।
सोमवार को अमर उजाला टीम ने मेडिकल कॉलेज में स्थित रेडियोलॉजी विभाग की व्यवस्थाओं की पड़ताल की। जिसमें यह स्थिति सामने आई। मलावन की रहने वाली ममता देवी आठ बजते ही अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर पहुंच गईं। उस समय चिकित्सक तो दूर, कर्मचारियों के कक्ष तक का दरवाजा नहीं खुला था।
इनके बाद एक-एक कर और मरीज आते गए और 30 मिनट के दरम्यान में ही कतार लग गई। इस समय तक कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा। करीब नौ बजे इसका ताला खोला गया और सफाई की गई। कर्मचारियों ने मरीजों के पंजीकरण शुरू किए। 10.30 बजे रेडियोलॉजिस्ट पहुंचे, तब मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए बुलाना शुरू किया गया।