
कैंटीन में बिना कॉलेज ड्रैस के नहीं घुस सकेंगे छात्र – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – डीएस डिग्री कालेज में मंगलवार को बाहरी तत्वों की ओर से छात्रों की पिटाई के प्रकरण में बुधवार को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने को लेकर प्राचार्य, प्राक्टोरियल टीम व पुलिस अफसरों के बीच मैराथन चर्चा की गई। इसके तहत फैसला किया गया है कि कालेज की कैंटीन में बिना कालेज ड्रैस के किसी छात्र-छात्रा को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। साथ ही मुख्य गेट पर गन से लैस ब्लैक कैट सिक्योरिटी गार्ड तैनात रहेंगे। कालेज प्रशासन का मानना है कि कैंटीन पर बेवजह की भीड़ भी विवादों का कारण बनती है। इस पर अंकुश लगाया जाएगा। कालेज में पुलिस की गाड़ियों की आवाजाही के बीच सन्नाटा छाया रहा। छात्र-छात्राएं मुख्य गेट से सीधे कक्षाओं में और कक्षाओं से निकलकर सीधे गेट के बाहर गए। कालेज के किसी पार्क या मैदान में ग्रुप बनाकर बैठक नहीं लगी। चीफ प्राक्टर डॉ. मुकेश भारद्वाज ने बताया कि कालेज के मुख्य गेट को बदलने व बाउंड्री को ऊंचा कराने पर भी विचार किया गया है। कालेज में नया वाहन पार्किंग स्थल भी तैयार करने पर चर्चा हुई है। मगर इन सब कामों को करने में थोड़ा समय लगेगा। प्रबंध समिति के साथ भी बैठक कर इन बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी। अभी कालेज में परीक्षाएं चल रही हैं, परीक्षाओं के बाद बिना कार्ड किसी को गेट के अंदर नहीं आने दिया जाएगा। प्राचार्य आर.के. वर्मा ने बताया कि बंदूकधारी सिक्योरिटी गार्ड मुख्य गेट पर तैनात होंगे। साथ ही कालेज में कुछ चेक प्वाइंट भी बनाए जाएंगे। जहां विद्यार्थियों की पहचान की पड़ताल होगी। बताया कि पुलिस के संपर्क में चीफ प्राक्टर प्रतिदिन रहेंगे। पुलिस विभाग की ओर से कालेज के बाहर पूरी चौकसी रखने का आश्वासन मिला है।