
जनपद में कम मतदान फीसद ने किया निराश तो नये मतदाताओं ने चौंकाया – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – इस बार के विधानसभा चुनाव में भले ही 2017 के मुकाबले जिले का मतदान फीसद कम रहा हो, लेकिन सातों विधानसभाओं में 90 हजार मतदाताओं ने ज्यादा वोट डाले हैं। 2017 में कुल 16.28 लाख मतदाताओं ने अपने अधिकार का प्रयोग किया था। इसमें 8.72 लाख पुरुष व 7.56 लाख महिला मतदाता हैं। वहीं, इस बार जिले की सातों विधानसभाओं में कुल 17.19 लाख लोगों ने अपने मत का प्रयोग किया है। इनमें 9.21 लाख पुरुष, 7.97 लाख महिला व 16 अन्य मतदाता शामिल हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में जिले में कुल 16.35 लाख लोगों ने अपने अधिकार का प्रयोग किया था। जिले में कुल सात विधानसभा हैं। इनमें खैर, बरौली, अतरौली, छर्रा, कोल, शहर व इगलास शामिल हैं। 2017 के विधानसभा चुनावों में इन सातों विधानसभा क्षेत्रों कुल 2705 बूथों पर 25.66 लाख मतदाता थे। इनमें 13.76 लाख पुरुष व 11.89 लाख महिला मतदाता था। 148 अन्य मतदाता शामिल थे। इनमें से कुल 16.28 लाख मतदाताओं ने वोट डाले थे। इनमें 8.71 लाख पुरुष व 7.56 लाख महिलाएं शामिल थीं। एक भी अन्य मतदाता ने वोट नहीं डाला था। यह कुल मतदाताओं का 63.48 फीसद था।इस बार के विधानसभा चुनावों में जिले के कुल 3134 बूथों पर मतदान हुआ है। इन पर कुल 27.65 लाख मतदाता थे। इनमें 14.72 लाख पुरुष, 12.91 लाख महिला व 170 अन्य मतदाता शामिल थे। 10 फरवरी को मतदान के दिन इनमें से कुल 17.19 लाख ने अपने अधिकार का प्रयोग किया। इनमें 9.21 लाख पुरुष, 7.97 लाख महिला व 16 अन्य मतदाताओं ने वोट डाले। यह कुल मतदाताओं का 62.17 फीसद था। भले ही पिछले चुनाव के मुकाबले इस बार अधिक वोट पड़े हो, लेकिन मतदान फीसद कम रहा है।