
20 मार्च को पिलाई जाएगी नौनिहालों को “दो बूंद जिंदगी की” – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – कोरोना महामारी के चलते कई बार स्थगित पल्स पोलियो अभियान की तिथि अब 20 मार्च तय की गई है। इसमें जनपद के छह लाख से अधिक नौनिहालों को दो बूंद जिंदकी की यानी पोलियो ड्राप पिलाई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग व डब्ल्यूएचओ ने अभियान को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं।जिले में 1995 से 1999 तक प्रत्येक वर्ष दो बार दवा पिलाई गई। 2000 से 2002 तक प्रत्येक वर्ष छह बार, 2003 से 2005 तक प्रत्येक वर्ष सात बार, 2005 से 2011 तक प्रत्येक वर्ष नौ बार पोलियो ड्राप पिलाई गई। शून्य से पांच साल तक के 6.30 लाख बच्चों को हर राउंड में दवा पिलाई गई। यहां पोलियो का अंतिम केस (पीवी-2) अतरौली के गांव गनियावली में 24 अक्टूबर 1999 को सामने आया। पीवी-3 का अंतिम केस जवां ब्लाक के गांव मंजूरगढ़ी में 20 दिसंबर 2009 व पी-1 का अंतिम केस 23 मई 2009 को अकराबाद ब्लाक के गांव पिलखना में सामने आया। पड़ौसी देशों में पोलियो के नए केस सामने आने के कारण अभी भी प्रत्येक वर्ष एक या दो बार दवा पिलाई जा रही है। पिछली बार जनवरी 2021 में छह लाख 17 हजार 20 बच्चों को दवा पिलाई गई। इसके बाद कोरोना महामारी का प्रकोप शुरू हो गया। तब से नया सत्र नहीं चला। कई बार तिथि घोषित की गई, लेकिन फिर स्थगित हो गई। इस वर्ष 23 जनवरी को भी सत्र प्लान किए गए लेकिन संशोधित कर 27 फरवरी तय की गई, जो फिर बदल गई। अब 20 से अभियान चलेगा।