
पत्नी व सास पर हमले से चाकू टूटा तो मार दी गोली – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – क्वार्सी क्षेत्र के कमिश्नरी के सामने सोमवार रात को पहले से घाट लगाकर बैठे पति ने पत्नी व सास पर हमला कर दिया। तमंचे की बट से दोनों के सिर पर वार किया। पत्नी पर चाकू से भी कई वार किए। फायरिंग भी की। इसमें पत्नी को छर्रे भी लगे हैं। दोनों महिलाओं को दीनदयाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पत्नी की हालत गंभीर है। इधर, लोगों ने आरोपित को मौके से ही दबोचकर पीट दिया और पुलिस के हवाले कर दिया।रजा नगर निवासी बेबी का निकाह वर्ष 2015 में क्षेत्र के ही रजा नगर निवासी आसिफ के साथ हुआ था। दोनों पर एक बेटा व एक बेटी हैं। शादी के कुछ सालों बाद दोनों में विवाद होने लगा। इसके चलते बेबी बच्चों के साथ रजा नगर स्थित मायके में रहने लगी। बेबी अपनी मां मखो के साथ तालानगरी स्थित फैक्ट्री में काम करने लगी। पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात को रोज की तरह दोनों फैक्ट्री की बस से क्वार्सी चौराहे पर उतरीं। यहां से पैदल ही घर जा रही थीं। रास्ते में कमिश्नरी पर पति आसिफ पहले से घात लगाकर बैठा था। बताया जा रहा है कि आसिफ के साथ कुछ अन्य लोग भी थे। कमिश्नरी के सामने आसिफ ने बेबी व मखो को रोक लिया। कहासुनी होने लगी। इसी बीच आरोपित आसिफ ने मां-बेटी के सिर पर तमंचे की बट मारना शुरू कर दिया। आरोपित ने चाकू से बेबी पर हमला कर दिया। उसके पेट के पास व पैर पर भी वार किए। इसके बाद गोली चला दीं। इसमें छर्रे लगने से बेबी बुरी तरह घायल हो गईं। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़े और महिलाओं को बचाया। लोगों ने पकड़कर बुरी तरह पीट डाला। क्वार्सी इंस्पेक्टर विजय सिंह मौके पर पहुंच गए। गंभीर हालत में दोनों महिलाओं को दीनदयाल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों महिलाओं को अस्पताल में भर्ती करवा दिया है। आरोपित आसिफ हिरासत में हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।