जनपद में किशोर-किशोरियों के कोविड टीकाकरण पर जोर
एटा,

जनपद में स्कूलों के खुलने के साथ ही एक बार फिर से 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के किशोर-किशोरियों के कोविड टीकाकरण पर पूरा जोर दिया जा रहा है | मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ उमेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार को 38 विद्यालयों में केंद्र बनाकर 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का टीकाकरण किया गया ।
सीएमओ ने बताया कि जिले में जल्द से जल्द सभी किशोर-किशोरियों को कोविड का टीका लगाकर प्रतिरक्षित करने के प्रयास जारी हैं । जिले में अब तक 18 वर्ष से अधिक उम्र के लगभग 98 प्रतिशत पात्र लाभार्थियों को टीके की पहली डोज दी जा चुकी है, जबकि 73 प्रतिशत लाभार्थियों ने टीके की दोनों डोज लगवा ली है। इसके साथ ही विभाग द्वारा 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के टीकाकरण पर भी जोर दिया जा रहा है | जनपद में 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 65 प्रतिशत लक्षित बच्चों को टीके की पहली डोज लगाई जा चुकी है। स्कूलों के खुलने के साथ ही स्कूलों में टीकाकरण केंद्र बनाकर बच्चों को टीका लगाने की शुरुआत कर दी गई है। उन्होंने बताया कि जरूरत के अनुसार विभिन्न स्कूल,कॉलेजों में केंद्र बनाकर बच्चों का टीकाकरण किया जा रहा है। इसके साथ ही जिले में बनाए जा रहे सामान्य टीकाकरण केंद्रों में से अधिकतर केंद्रों पर 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के लाभार्थियों के टीकाकरण की व्यवस्था की गई है | इससे बच्चे स्कूलों के अलावा इन केंद्रों पर पहुंचकर आसानी से टीकाकरण करवा सकते हैं
सोमवार को जिले में 260 टीकाकरण केंद्र बनाए गए। इनमें से 38 टीकाकरण केंद्र स्कूल-कॉलेज में बनाए गए। इसके साथ ही 28 टीकाकरण केंद्र राशन –डीलर दुकानों पर बनाए गए। इन सभी केंद्रों पर 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के टीकाकरण की सुविधा मौजूद थी।