Hyundai ने किया ऐसा कमेंट कि यूजर्स भड़के, कंपनी ने मांगी माफी

मल्टी नेशनल कंपनियों के लिए उनका बिजनेस ही सबकुछ होता है. उनके लिए उस देश के लोगों की भावनाएं भी कतई मायने नहीं रखतीं जहां उन्हें अपनी यूनिट्स या प्रोडक्ट बेचना होता है. विदेशी कंपनियों की इस सोच से जुड़े ऐसे मामले अक्सर सामने आते रहते हैं. ताजा मामला दक्षिण कोरियाई कंपनी Hyundai से जुड़ा है जिसकी पाकिस्तानी यूनिट की तरफ से किए गए विवादित ट्वीट को लेकर भारत में Hyundai के बहिष्कार की मांग होने लगी.
Hyundai की पाकिस्तान यूनिट ने जो ट्वीट किया उसमें कश्मीर की आजादी को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी. बात निकली तो दूर तक गई. कंपनी को लेने के देने पड़ने की नौबत नजर आई तो Hyundai ने वो ट्वीट डिलीट कर दिया जो भारत में वायरल हो चुका था. भारत समेत दुनिया भर में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों ने ह्यूंदई की इस हरकत पर कड़ी नाराजगी और आपत्ति जताते हुए सीधे सीधे और फौरन माफी मांगने को कहा.
इसके जवाब में कंपनी ने रविवार शाम एक आधिकारिक बयान जारी किया. इससे लोगों का पारा सांतवे आसमान पर पहुंच गया है. गुस्सा और भड़का तो ट्विटर पर ही लोगों ने Hyundai की जमकर लानत मलानत कर डाली. ट्विटर पर एक यूजर ने लिख दिया कि लगता है- भारत में Hyundai को TATA कहने का समय आ गया है. वहीं कुछ ने कहा कि पाकिस्तानी यूनिट के ट्वीट की निंदा करते हुए माफी मांगने के बजाए इंडिया की यूनिट अलग राग अलाप रही है.