
एटा से रिपोर्ट योगेश मुदगल
नकाबपोशों द्वारा तमंचे दिखाकर बैंक अधिकारी से लूट
100 मीटर दूर खड़ी रही डायल 112, घटना को अंजाम देकर लुटेर हुए फरार
मारहरा- मिरहची मार्ग स्थित इनाम नगर के पास की घटना
मारहराः थानाक्षेत्र के गांव इनामनगर के पास गुरूवार की देर सांय बाइकसवार तीन नकाबपोश लुटेरों ने अवैध तमंचों के बल पर बैंक अधिकारी के साथ लूटपाट की घटना को अंजाम दे डाला। हैरत की बात तो यह है, कि घटनास्थल से सिर्फ 100 मीटर की दूरी पर डायल 112 की गाड़ी भी खड़ी थी, लेकिन बदमाश लूटकर फरार होने में सफल हो गये।
मारहरा स्थित केनरा बैंक में तैनात अधिकारी महावीर के अनुसार, वह बैंक के ही कर्मचारी प्रतापसिंह के साथ बाइक द्वारा गुरूवार की रात्रि साढे नौ बजे मिरहची से मारहरा आ रहे थे। हजारा नहर के पुल और इनाम नगर के बीच रास्ते में पहले से तैयार बैठे तीन स्प्लेंडर बाइकसवार नकाबपोशों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूर बाद बदमाशों ने अपनी बाइक उनकी बाइक के आगे लगाकर रोक लिया और अवैध तमंचे दिखाकर उनका बैग, दो मोबाइल और जेब में रखी पांच हजार रूपये नकद लूट लिये और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गये। बैग में दो एटीएम कार्ड, बैंक आईडी कार्ड, कपड़े आदि रखे थे। पीड़ितों द्वारा रात में ही घटना की सूचना मारहरा थाना पुलिस को दे दी गई।
वहीं पीड़ित महावीर ठाकुर शाखा प्रबंधक विवेक कुमार व अन्य बैंककर्मियों के साथ शुक्रवार की सुबह थाने पहुंचे। आरोप है, कि पुलिस द्वारा उनके द्वारा लिखित तहरीर के आधार पर मुकद्दमा दर्ज करने से इनकार कर दिया। बाद में दूसरी तहरीर लिखवाकर मामला दर्ज किया गया। जिसमें लूट के दौरान तमंचे दिखाने की बात को हटवा दिया गया।
इस बारे में सीओ सदर राघवेन्द्रसिंह राठौर का कहना है, कि बैंक अधिकारी के साथ लूट की घटना संज्ञान में आयी है। इस मामले में मारहरा थाने मंे मुकद्दमा पंजीकृत कर लिया गया है। अभियुक्तों के पास असलहे होना या न होना, यह जांच का विषय है।