
एएमयू से छात्र गायब, दोदपुर से अपहरण का आरोप – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – एएमयू के एबीए यूनियन स्कूल में दसवीं की पढ़ाई कर रहा मोदीनगर का दसवीं का छात्र शनिवार दोपहर से गायब है। आरोप है कि उसे सिविल लाइंस के दोदपुर से मोबाइल के झगड़े के दौरान कुछ लोग अगवा कर ले गए हैं। इस झगड़े की खबर पर पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। हालांकि पुलिस झगड़े की सूचना को फर्जी मान रही है। मगर मौके के सीसीटीवी और झगड़े से जोड़कर छात्र की तलाश की जा रही है।मूल रूप से गाजियाबाद मोदीनगर के गांव कालसीना का मो.फईक यहां दसवीं का छात्र है। वह यहां जेएन मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी पर्चा विभाग में कार्यरत अपने मौसा राहत अली खां के पास रहता है। मौसा राहत अली के अनुसार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वह अपने दोदपुर के रहने वाले दोस्त के पास पढ़ाई संबंधी किसी काम से गया था। इसके बाद नहीं लौटा। इधर, जब बच्चे की परिवार ने तलाश शुरू की तो मौके पर पहुंचकर पता चला कि वहां मोबाइल छीनने को लेकर एक झगड़ा हुआ था। उसकी सूचना भी पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई थी। उस सूचना पर पीआरवी भी पहुंची थी। मगर वह सूचना फर्जी पाई गई। इधर, अब राहत अली का अंदेशा है कि मोबाइल छीनने वाले लोग ही उसे अगवा कर ले गए हैं। इसे लेकर प्रॉक्टर कार्यालय के जरिये गुमशुदगी तहरीर सिविल लाइंस थाने में दे दी गई है।