
धनीपुर स्थित एक निजी अस्पताल में महिला की मौत, हंगामा – रिपोर्ट शुभम शर्मा
अलीगढ़ – महुआखेड़ा क्षेत्र के धनीपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती सड़क हादसे में घायल हुई महिला की कल मौत हो गई। इसको लेकर तीमारदारों ने अस्पताल स्टाफ पर इलाज में लापरवाही को लेकर जमकर हंगामा काटा। इलाका पुलिस ने पहुंचकर जैसे-तैसे लोगों को शांत कराया। हालांकि, ग्राम प्रधान ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों का आपस में समझौता करा दिया।क्वार्सी के तालसपुर निवासी 45 वर्षीय मिथलेश देवी मंगलवार को अतरौली क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। मिथलेश देवी को परिजनों ने धनीपुर के निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। हालत नाजुक होने पर उन्हें वेंटीलेटर पर रख दिया गया। इसी दौरान मिथलेश देवी की मौत हो गई।परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अस्पताल स्टाफ ने जानबूझकर वेंटिलेटर पर रख रखा था, जबकि मरीज की पहले ही मौत हो चुकी थी। इलाज के बदले एक लाख रुपये ले लिए गए हैं और अभी और रुपयों की मांग की जा रही है।तीमारदारों के हंगामे की खबर पर इलाका पुलिस पहुंच गई और आक्रोशित लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। महुआखेड़ा के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि ग्राम प्रधान ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया है। इस मामले में किसी भी पक्ष से कोई तहरीर नहीं मिली है। महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।