
भारत की गलतियों की वजह से इतना भयावह हुआ कोरोना: डॉ. फॉउची
कोरोना महामारी से बिगड़ते हालात पर भारत की स्थिति दुनिया से छिपी नहीं है. कोरोना की दूसरी लहर में लोगों को अस्पताल, बेड, ऑक्सीजन, दवाइयों से लेकर हर जरूरी चीज की कमी का सामना करना पड़ रहा है. भारत के मौजूदा हालात की हर तरफ आलोचना हो रही है. इस बीच अमेरिका के शीर्ष संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉक्टर एंथनी फाउची ने बताया है कि महामारी की स्थिति को संभालने में आखिर भारत से कहां गलती हो गई.
अमेरिकी सांसदों को संबोधित करते हुए अमेरिकी विशेषज्ञ फाउची ने कहा कि भारत ने कोविड -19 को लेकर गलत धारणा बनाई और ये समझ लिया कि अब ये महामारी जा चुकी है. इसी धारणा के चलते वहां समय से पहले सब कुछ खोल दिया गया. इसका नतीजा ये हुआ कि भारत गंभीर संकट में फंस गया.
फाउची ने सीनेट की स्वास्थ्य, शिक्षा, श्रम एवं पेंशन समिति से कहा, ‘भारत के मौजूदा संकट की वजह ये है कि वहां वास्तव में मामले बढ़ रहे थे लेकिन धारणा ये बन गई कि ये वायरस अब वहां से जा चुका है. इसकी वजह से वहां समय से पहले सब कुछ खोल दिया गया. अब वहां कैसी खौफनाक स्थिति है, इसके बारे में हम सब अच्छे से जानते हैं.’
सीनेटर पैटी मुर्रे ने कहा कि कोविड -19 से भारत में मच रही तबाही हमें इस बात की याद दिलाती है कि अमेरिका इस महामारी को तब तक समाप्त नहीं मान सकता जब तक कि ये हर जगह से खत्म ना हो जाए.
मुर्रे ने कहा, ‘भारत की गंभीर स्थिति बताती है कि अमेरिका को भी अपने सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचे को और मजबूत बनाने की जरूरत है ताकि हम इस महामारी और भविष्य में इसके प्रकोप का सामना कर सकें. मुर्रे ने डॉक्टर फाउची से सवाल किया कि भारत के मौजूदा हालात से अमेरिका क्या सीख सकता है.