चुनाव की रंजिश में पथराव और फायरिग, 17 घायल

चुनाव की रंजिश में पथराव और फायरिग, 17 घायल
~अलीगंज व मारहरा क्षेत्र में हुई घटनाएं विजयी व पूर्व प्रधान समेत छह गिरफ्तार~
एटा: अलीगंज कोतवाली क्षेत्र में चुनावी रंजिश में विजयी और पूर्व प्रधान तथा उनके समर्थकों में पथराव हो गया, जिसमें दोनों पक्षों के 12 घायल हो गए। वहीं मारहरा थाना क्षेत्र में हुई मारपीट में दोनों पक्षों के पांच घायल हुए हैं। अलीगंज पुलिस ने जीते और पूर्व प्रधान समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

मंगलवार शाम ग्राम विजयदेपुर निवासी विजयी प्रधान अमित कुमार और पूर्व प्रधान जय सिंह के बीच कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में पथराव हो गया, जिसमें उर्मिला देवी, रतनेश, प्रेम नरायन, ब्रजेश कुमार, मनोज कुमार, ब्रजबिहारी, चंद्रसैन तथा दूसरे पक्ष का सूरजपाल, उसका भाई शिवपाल, पुत्र अतुल कुमार, बेटी रुचि तथा सुषमा घायल हुए हैं। सभी घायलों को अलीगंज स्थित स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया है। अलीगंज के इंस्पेक्टर एके सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मामले दर्ज कर लिए गए हैं। पथराव के आरोप में जीते हुए प्रधान अमित कुमार, उसके भाई श्याम सिंह, ब्रजमोहन तथा दूसरे पक्ष के पूर्व प्रधान जय सिंह, सुरेंद्र सिंह व मुहब्बत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार आरोपितों की तलाश की जा रही है। आरोपित श्याम सिंह, अमित तथा सुरेंद्र और मुहब्बत सिंह से जमानत राशि के रूप में एक-एक लाख रुपये की वसूली की जाएगी।

दूसरी ओर मारहरा थाना क्षेत्र के ग्राम ओरनी में पूर्व प्रधान ओमवीर सिंह जीते हुए प्रधान शैलेंद्र सिंह के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई, जिसमें पूर्व प्रधान की पक्ष के दुर्वेश, आकाश, शेषपाल, तारा देवी तथा शैलेंद्र के पक्ष के अनुपम घायल हुए हैं। घायल अनुपम ने फायरिग करने का भी आरोप लगाया है। एसओ मारहरा अखिलेश कुमार तिवारी ने बताया कि अनुपम कुमार की ओर से पूर्व प्रधान ओमवीर समेत सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वहीं दूसरे पक्ष के दुर्वेश की ओर से मौजूदा प्रधान शैलेंद्र समेत पांच के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

About The Author

निशाकांत शर्मा (सहसंपादक)

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks