
एटा में पंचायत चुनाव से कुछ घंटे पहले दो जगह फायरिंग, एक की मौत
एटा में पंचायत चुनाव से कुछ घंटे पहले ही देर रात को हुए विवाद में दो जगह पथराव और फायरिंग हो गई। इसमें एक जगह एक समर्थक की गोली लगने से मौत हो गई, जबकि दूसरी जगह प्रत्याशी का पति गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आगरा रेफर किया गया है। घटना पता चलते ही पुलिस के आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए।
पहला मामले सामने आया थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव बावसा में। यहां रविवार की देर रात प्रधान पद के दो प्रत्याशियों के बीच विवाद हो गया। उनके समर्थक भी वहां मौजूद थे। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और दोनों ओर से पथराव और फायरिंग होने लगीं। इस दौरान गोली एक प्रत्याशी के समर्थक प्रदीप कुमार जैन को लगी। वो वहीं लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इस हिंसा की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके से प्रदीप को जिला अस्पताल भेजा। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पर देर रात तक पुलिस गांव में ही मौजूद थी। वहीं जानकारी मिलने पर एसएसपी भी मौके पर पहुंच गए थे।
वहीं दूसरी घटना कोतवाली नगर के गांव में रविवार को देर रात हुई। यहां दो प्रत्याशियों के बीच हुए विवाद में गोली लगने से एक प्रत्याशी का पति प्रवीन कुमार घायल हो गया। उसे उपचार के लिए आगरा रेफर किया गया है। घटना गांव गंगनपुर की बताई जा रही है। यहां हिंसक घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंच गई है। देर रात तक पुलिस घटना की जानकारी जुटाने में लगी है।