
यूपी (मुरादाबाद ) : वसीम रिजवी का सिर कलम करने पर 11 लाख के इनाम की घोषणा करने वाले के खिलाफ मुकदमा
शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी द्वारा दिए गए बयान के बाद उनका सिर कलम करने पर इनाम का ऐलान करने वाले के खिलाफ मुरादाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया है। सिविल लाइंस थाने में चौकी प्रभारी ने 11 लाख रुपये के ऐलान की घोषणा करने वाले बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष पर एफआईआर लिखवाई है। आपको बतादें कि शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी ने कुरान की 26 आयतों को हटाने से संबंधित एक जनहित याचिका सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की थी।
साथ ही रिजवी ने कुछ आयतों को आतंकवाद को बढ़ावा देने बताया था। इसके बाद वसीम रिजवी के इस कदम से मुस्लिम समाज का गुस्सा भड़क गया है। राहत मोलाई कोमी एकता संगठन की ओर से मुरादाबाद में आयोजित कार्यक्रम में बार के पूर्व अध्यक्ष अमीरुल हसन ने वसीम रिजवी का सिर काटककर लाने वाले को 11 लाख रुपए का इनाम देने का ऐलान कर डाला। इनाम के ऐलान के बाद रविवार को उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है।
आपको याद दिला दें कि शियाने हैदर-ए कर्रार वेलफेयर एसोसिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हसनैन जाफरी डंपी भी कुछ ऐसा ही ऐलान कर चुके हैं। शुक्रवार को जारी एक वीडियो संदेश में हसनैन जाफरी डंपी ने कहा था कि वह वसीम रिजवी के कृत्य की निंदा करते हैं। उन्होंने वसीम रिजवी के बहिष्कार के लिए पूरे प्रदेश में अभियान चलाने का भी आह्वान किया था। उन्होंने कहा था कि शिया समाज के जो लोग वसीम रिजवी को अपने घर कार्यक्रमों में बुलाएंगे, उन लोगों का भी बहिष्कार किया जाएगा। डंपी ने सरकार से मुस्लिम समुदाय की आस्था पर चोट पहुंचाने के आरोप में वसीम रिजवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और उन्हें तुरंत जेल भेजने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि वसीम रिजवी का काम उन्माद फैलाने वाला है।