
अब BJP के परिवर्तन यात्रा पर हुआ बम से हमला, दिलीप घोष बोले- जनता करेगी फैसला
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में हिंसा रूकने का नाम नहीं ले रही है. ANI की रिपोर्ट के मुताबिक उत्तरी 24 परगना में बसीरहाट के मिनखा में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने बीजेपी की परिवर्तन यात्रा पर हमला किया और बम भी फेंके. स्थानीय बीजेपी नेता ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता पार्टी की परिवर्तन यात्रा पर हमला कर रहे हैं. बसीरहाट के मिनखा में हुई हिंसा में एक बीजेपी कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं.
पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा कि साजिश के तहत योजनाबद्ध तरीके से हमले को अंजाम दिया गया, ताकि लोगों के दिलोदिमाग में भय पैदा किया जा सके. घोष ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता सही समय पर अपना जवाब देगी. हालांकि रिपोर्ट के मुताबिक बीजेपी की परिवर्तन यात्रा पर कथित हमले के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं द्वारा बसीरहाट के मिनखा में तृणमूल कांग्रेस के दफ्तर पर कथित तौर पर हमले की बात सामने आई. ANI ने एक तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता से हवाले से जानकारी दी है कि उत्तरी 24 परगना में बीजेपी की परिवर्तन यात्रा पर हमले के बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर टीएमंसी के दफ्तर पर हमला कर दिया. टीएमसी के एक कार्यकर्ता ने कहा कि बीजेपी के गुंडों ने एक मिल्क वैन पर भी हमला किया.