
गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए आज वोटिंग, गृह मंत्री भी वोट डालेंगे
गुजरात के 6 बड़े शहरों में अहमदाबाद, राजकोट, वडोदरा, सूरत, भावनगर और जामनगर में नगर निगम चुनाव के तहत आज मतदान हो रहा है. कुल 575 वॉर्ड्स के लिए सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग होगी. मतगणना 23 फरवरी को होगी. गुजरात में कोरोना काल के बाद यह सबसे बड़ा चुनाव है. बीजेपी के 575, कांग्रेस 566, आप के 470 उम्मीदवार मैदान में हैं.
गृहमंत्री अमित शाह भी आज इस चुनाव में वोट डालेंगे. अहमदाबाद के नारनपुरा वॉर्ड में पोलिंग स्टेशन पर मतदान करेंगे. कोरोना संक्रमित सीएम विजय रुपाणी पीपीई किट पहनकर मतदान करेंगे. नगर निगम चुनाव को मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के लिए एक परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है जो विधानसभा चुनाव का मिजाज तय कर सकते हैं.
गुजरात के इस निकाय चुनाव पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की भी नजरें टिकी हुई हैं. सीएम केजरीवाल ने आज गुजरात के 6 शहरों में होने वाले निगम चुनाव से पहले ट्वीट किया कि आम आदमी पार्टी को एक मौका दीजिए और फिर गुजरात को देखिए. असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम भी मुकाबले में है और उसने अहमदाबाद में 6 वार्ड में 21 उम्मीदवार उतारे हैं.