
WHO चीफ की चेतावनी- मामले कम होने पर भी नहीं टला कोरोना का खतरा, प्रतिबंधों में न दें ढील
विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख टेड्रोस ऐडनम गेब्रेयसस ने कहा है कि कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में दुनियाभर में आई कमी प्रोत्साहित करने वाली है, लेकिन कोरोना को फैलने से रोकने में मददगार रहे प्रतिबंधों में ढील नहीं दी जानी चाहिए. गेब्रेयसस ने कहा कि दुनियाभर में संक्रमण के मामलों में लगातार चौथे सप्ताह कमी आई है और मृतकों की संख्या में भी लगातार दूसरे सप्ताह कमी आई है.
उन्होंने कहा, ऐसा प्रतीत होता है कि संक्रमितों और मृतकों की संख्या में यह कमी जन स्वास्थ्य संबंधी कदमों को सख्ती से लागू किए जाने के कारण आई है. हम सभी संख्या में आई कमी से उत्साहित हैं, लेकिन मौजूदा स्थिति से संतुष्ट हो जाना वायरस जितना ही खतरनाक होगा. गेब्रेयसस ने कहा, अभी यह समय नहीं आया है कि कोई भी देश प्रतिबंधों में ढील दे. अब यदि किसी की मौत होती है, तो यह और भी अधिक त्रासदीपूर्ण होगा क्योंकि टीके लगने आरंभ हो गए हैं.