
*#Dehradoon….* *उत्तराखंड में 200 जिंदगियां दांव पर* *हर मिनट के साथ बढ़ रहा खतरा* *सेना ने चिनूक को उतार लगाई पूरी ताकत* उत्तराखंड के चमोली जिले में रविवार को ग्लेशियर टूटने से मची तबाही के बाद बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अभी भी तकरीबन 200 लोग लापता बताए जा रहे हैं, जबकि 18 शवों को बरामद कर लिया गया है। इस तबाही की वजह से वहां चल रहे ऋषि गंगा पावर प्रोजेक्ट और एनटीपीसी प्रोजेक्ट को बुरी तरह से नुकसान पहुंचा है और दोनों ही क्षतिग्रस्त हो गए हैं। वहीं, लापता लोगों को ढूंढने के लिए सेना ने अपने ताकतवर हेलीकॉप्टरों को उतार दिया है। एमआई-17 और चिनूक हेलीकॉप्टर के दूसरे बेड़े को सोमवार दोपहर को देहरादून से जोशीमठ के लिए रवाना कर दिया गया। प्रशासन और एजेंसियों को एक के बाद एक शव मिल रहे हैं। 200 जिंदगियां दांव पर हैं और बीतते हर मिनट के साथ ही उनके बचने की उम्मीद भी कम होती जा रही है।