मुरादाबाद स्थित तीर्थांकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू) में भर्ती 70 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव महिला की गुरुवार तड़के मौत हो गई। बुधवार देर रात ही महिला की रिपोर्ट आई थी, जिसमें उनके संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। इसके साथ ही मुरादाबाद में इलाज के दौरान मरने वालों का आंकड़ा सात पहुंच गया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. एमसी गर्ग ने बताया कि बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे 76 सैंपलों की रिपोर्ट आई थी। इनमें नौगांवा सादात अमरोहा की 70 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव थी। उन्हें 26 अप्रैल को सांस फूलने और बुखार की शिकायत पर टीएमयू में भर्ती कराया गया था। 27 अप्रैल को सैंपल भेजा गया और 29 अप्रैल को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। गुरुवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे महिला ने दम तोड़ दिया। महिला के परिवार में कोई संक्रमित नहीं है। उनकी तबीयत करीब 20 दिनों से खराब थी। अमरोहा के सरकारी अस्पताल में चेकअप के बाद उन्हें टीएमयू रेफर किया गया था।
महिला के छह बेटे और चार बेटियां हैं। उनकी पोती करीब 15 दिन पूर्व राजस्थान के कोटा से लौटी है। पोती होम क्वारंटीन में है और पूरी तरह स्वस्थ्य है। मौत के बाद महिला का शव परिजनों को सौंप दिया गया है। अमरोहा स्वास्थ्य विभाग अब मृत महिला के परिवार के सभी लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजेगा।
महिला की मौत के बाद मुरादाबाद जिले में कोरोना संक्रमित लोगों की मौत का आंकड़ा भी सात पहुंच गया है। इनमें चार मुरादाबाद जिले के हैं, जबकि रामपुर, संभल और अमरोहा के एक-एक मामले हैं।