
बरेली। फरीदपुर रोड स्थित श्री विष्णु इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित दो दिवसीय ‘एनुअल स्पोर्ट्स डे’ का आज बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ समापन हुआ। खेल भावना और उत्साह से भरे इस दो दिवसीय महोत्सव में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और शारीरिक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।
दीप प्रज्ज्वलन और गुब्बारे उड़ाकर हुआ भव्य आगाज
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक प्रेम शंकर अग्रवाल, मंत्री सुधीर अग्रवाल, कोषाध्यक्ष संजय गोयल, समिति के सम्मानित सदस्य शशिकांत मोदी तथा प्रधानाचार्य इं. धीरज अग्रवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर और आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को जीवन में अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का आधार बताया।
रोमांचक मुकाबलों में बच्चों ने दिखाया जोश
प्रतियोगिता के दौरान मैदान पर एक से बढ़कर एक रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। छात्र-छात्राओं ने 50 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर की दौड़ के साथ-साथ शूज लॉक रेस, स्कॉर्पियन रेस, हर्डल/अटल रेस, फ्रॉग रेस, टग ऑफ वॉर (रस्साकशी), खो-खो और हैंकी अटैक जैसे दिलचस्प खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यालय के समस्त विद्यार्थियों की भागीदारी वाली इस प्रतिस्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 65 बच्चों ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ आज विद्यालय में नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छात्र-छात्राओं में से हेड बॉय, हेड गर्ल तथा चारों हाउस के कप्तान और सह-कप्तान का भी चुनाव किया गया।
पूरे कार्यक्रम का सफल एवं ऊर्जावान संचालन इरम खान और तौकीर उद्दीन द्वारा किया गया। समस्त खेल प्रतियोगिताओं को सुचारू रूप से संपन्न कराने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सहयोग अत्यंत सराहनीय रहा। अंत में प्रधानाचार्य इं. धीरज अग्रवाल ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्रबंधन समिति, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।