
बरेली । चोरी का ई-रिक्शा बेचने की फिराक में घूम रहे एक शातिर चोर को फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का ई-रिक्शा बरामद कर उसे न्यायालय में पेश किया है।
रुकुमपुर निवासी सोनू का ई-रिक्शा बीती दो अक्टूबर की रात चोरी हो गया था, जिसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई थी। मामले की जांच में जुटी पुलिस टीम को शनिवार को मुखबिर से सटीक सूचना मिली। इस पर प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शंका धन्तिया रोड पर घेराबंदी कर ग्राम धन्तिया निवासी आरोपी महावीर (25) को दबोच लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने ई-रिक्शा की बैटरी निकालकर पहले ही एक अज्ञात ट्रक चालक को बेच दी थी और अब वह ई-रिक्शा बेचने की फिराक में था। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धाराएं बढ़ाकर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक पंकज कुमार, हेड कांस्टेबल नेपाल सिंह और कांस्टेबल सचिन मलिक शामिल रहे।