
बरेली। फरीदपुर पुलिस ने शनिवार तड़के मुठभेड़ के बाद हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहे एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना फरीदपुर पुलिस शनिवार भोर में क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि 26 नवंबर की घटना में वांछित एक आरोपी बाइक से शाहजहांपुर की ओर भागने की फिराक में है। पुलिस ने तत्काल ज्यारत कट के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू की। कस्बे की तरफ से आ रहे एक बाइक सवार को टॉर्च की रोशनी से रुकने का इशारा किया गया, तो वह बाइक मोड़कर भागने लगा। पीछा करने पर आरोपी ने बाइक छोड़कर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया।
पुलिस की ओर से आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। पूछताछ में उसकी पहचान मोहल्ला ऊंचा (फरीदपुर) निवासी तौहीद पुत्र इरशाद के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक सुपर स्प्लेंडर बाइक बरामद की है।
यह था पूरा मामला
26 नवंबर की रात करीब 10:40 बजे कस्बा फरीदपुर स्थित जियो मार्ट के सुरक्षा गार्ड अजय कुमार ने पड़ोस के मनोहर चाय वाले से कुर्सियां हटाने को कहा था। इसी बात से नाराज होकर अमन अजमेरी, तौहीद और आमिर ने जान से मारने की नीयत से गार्ड पर स्टूल, ईंट और पत्थरों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। इस मामले में थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने मुठभेड़ के संबंध में आर्म्स एक्ट व बीएनएस की धाराओं में नया मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और फरार साथियों की तलाश जारी है।