
बरेली परिक्षेत्र में कानून व्यवस्था को अभेद्य बनाने और अपराधियों पर नकेल कसने के लिए पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) मुनिराज जी. ने गुरुवार को कड़े तेवर दिखाए। डीआईजी ने रेंज के चारों जनपदों—बरेली, बदायूं के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (एसएसपी) तथा पीलीभीत और शाहजहांपुर के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) के साथ अपराध नियंत्रण की समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डिजिटल पुलिसिंग: ई-साक्ष्य और यक्ष ऐप पर शत-प्रतिशत काम के निर्देश
डीआईजी ने पुलिसिंग को आधुनिक तकनीक से जोड़ने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि विवेचनाओं में ‘ई-साक्ष्य ऐप’ पर एसआईडी क्रिएट कर वीडियोग्राफी बयान, फोटो और फोरेंसिक रिपोर्ट अनिवार्य रूप से अपलोड किए जाएं। साथ ही, अपराधियों की सटीक पहचान के लिए ‘यक्ष ऐप’ पर नियमित और शत-प्रतिशत डेटा फीडिंग सुनिश्चित करने को कहा। न्यायालय से समन्वय बनाकर ई-समन जारी करने और उनके समयबद्ध तामीला कराने के भी निर्देश दिए गए। सीसीटीएन पर 60 और 90 दिनों से लंबित विवेचनाओं को गुणवत्तापूर्ण तरीके से जल्द निस्तारित करने की हिदायत दी गई।
माफिया, नशा और गौतस्करों पर कसेगा शिकंजा
संगठित अपराध पर प्रहार करते हुए डीआईजी ने गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत अपराधियों की अवैध संपत्ति जब्त करने की कार्रवाई तेज करने को कहा। इसके अलावा, गोकशी की घटनाओं में लिप्त गौतस्करों, गुंडा एक्ट, आर्म्स एक्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के लंबित मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। मादक पदार्थों के खिलाफ ‘ऑपरेशन दहन’ और एनडीपीएस एक्ट (धारा 68ई/68एफ व PIT NDPS) के तहत तस्करों की कमर तोड़ने को कहा गया। साथ ही हत्या, लूट, डकैती, स्नेचिंग, अपहरण, धर्मांतरण और सांप्रदायिक संघर्ष के मामलों में सख्त कार्रवाई व इनामी बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मिशन शक्ति 5.0 और साइबर क्राइम पर फोकस
महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए डीआईजी ने ‘मिशन शक्ति फेज-5.0’ (द्वितीय चरण) के तहत महिला बीट प्रणाली को मजबूत करने और मिशन शक्ति केंद्रों को सक्रिय रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि दहेज उत्पीड़न के मामलों की विवेचना महिला थाना से ही कराई जाए और पॉक्सो व महिला उत्पीड़न के मामलों का समयबद्ध निस्तारण हो। साइबर अपराधों की समीक्षा करते हुए थानों की साइबर हेल्प-डेस्क को प्रभावी बनाने और साइबर ठगी से जुड़े ‘लीन अमाउंट’ (Lien Amount) के मामलों का त्वरित निस्तारण करने को कहा।
‘जीरो फेटेलिटी’ अभियान और सोशल मीडिया पर पैनी नजर
सड़क हादसों में कमी लाने के लिए ‘Zero Fatality District’ अभियान के तहत यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, आईजीआरएस पर प्राप्त जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने, मीडिया से बेहतर समन्वय रखने और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों का तत्काल खंडन करने की हिदायत दी गई।