
बरेली। बहेड़ी मार्ग स्थित एक खंडहर में चल रही अवैध शस्त्र फैक्ट्री का बहेड़ी पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से हथियार बनाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके दो साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। जांच में मुख्य आरोपी का संपर्क सोशल मीडिया के जरिए एक पाकिस्तानी हैंडलर से होने का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।
मुखबिर की सूचना पर रात में घेराबंदी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकअनुराग आर्य के निर्देश पर सीओ बहेड़ी के नेतृत्व में एसओजी प्रभारी सुनील शर्मा और बहेड़ी पुलिस की टीम ने शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब 1:35 बजे गन्ना उत्पादक महाविद्यालय से पहले सड़क किनारे स्थित एक खंडहर की घेराबंदी की। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार बना रहे बहेड़ी निवासी सुखराज सिंह व शानू मियां, रामपुर (बिलासपुर) निवासी जीवनदीप सिंह और पीलीभीत (माधौटांडा) निवासी जसनूर सिंह को दबोच लिया।
पाकिस्तानी हैंडलर से हथियार सप्लाई की बात
पूछताछ और मोबाइल फोन की जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी सुखराज सिंह इंस्टाग्राम के माध्यम से पाकिस्तानी हैंडलर अजमल गुर्जर के संपर्क में था। इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप पर हथियारों की सप्लाई को लेकर हुई बातचीत के कुछ साक्ष्य पुलिस को मिले हैं, जबकि कई चैट डिलीट कर दी गई हैं। आरोपियों ने यह भी बताया कि फरार हुए दो साथी कुख्यात हथियार तस्कर इशरत पहलवान से जुड़े हैं।
बरामदगी और कार्रवाई
पुलिस ने मौके से एक 9 एमएम की अवैध पिस्टल, एक 315 बोर रायफल, एक 315 बोर तमंचा व कारतूस, दो अधबनी नाल, शिकंजा मशीन, हथियार बनाने के भारी उपकरण और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है, वहीं फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।