
बरेली ।जनगणना के द्वितीय चरण व 16 से 30 नवम्बर तक चलने वाले स्व-गणना अभियान को सफल बनाने के लिए रविवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में अहम बैठक हुई। डीएम ने इसे जनआंदोलन बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि सबसे पहले 16 नवम्बर को उनके आवास और कलेक्ट्रेट के कर्मचारियों की स्व-गणना होगी। इसके साथ ही सभी अधिकारी, कर्मचारी, प्रगणक और सुपरवाइजर भी पहले दिन अपने परिवार का पंजीकरण जरूर करें।
पोर्टल पर ऐसे करें स्व-गणना
डीएम ने बताया कि नागरिक se.census.gov.in पोर्टल पर मोबाइल ओटीपी सत्यापन के बाद 09 मॉड्यूल के तहत 40 प्रश्नों के माध्यम से परिवार की जानकारी दर्ज कर सकेंगे। प्रक्रिया पूरी होते ही 11 अंकों की SEID आईडी जनरेट होगी, जिसे सुरक्षित रखना होगा और घर आने वाले प्रगणक को दिखाना होगा।
प्रगणकों व सीएससी संचालकों को निर्देश
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रगणक और सुपरवाइजर सुबह 10 से शाम 4 बजे तक क्षेत्र में रहकर प्रतिदिन 10 से 15 परिवारों की स्व-गणना कराएं। डीआईओएस व बीएसए सभी प्रगणकों को तत्काल कार्यमुक्त करें। ग्राम पंचायतों, निकायों व स्कूलों के जरिए प्रचार-प्रसार हो तथा सर्वाधिक पंजीकरण कराने वाले जनसेवा केंद्र (सीएससी) संचालकों को पुरस्कृत किया जाएगा।
हेल्पलाइन नंबर जारी
कंट्रोल रूम में मास्टर ट्रेनर तैनात किए गए हैं। सहायता के लिए जनपद स्तर पर 0581-2422202, 0581-2428188 और टोल फ्री नंबर 1885 पर संपर्क किया जा सकता है।
बैठक में एडीएम (वि/रा) संतोष कुमार सिंह, एडीएम (नगर) डॉ. अविनाश त्रिपाठी, एडीएम (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह, एडीएम न्यायिक, सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह सहित समस्त एसडीएम, बीडीओ, ईओ और बीईओ उपस्थित रहे।