
बरेली। हिंदू पंचांग के अनुसार इस वर्ष भाई दूज का पर्व बुधवार को मनाया जाएगा। पंचांगीय गणना के मुताबिक द्वितीया तिथि 11 नवंबर को दोपहर 3 बजकर 53 मिनट तक व्याप्त रहेगी। ज्योतिषीय नियमों और धर्म ग्रंथों के अनुसार भाई दूज के पर्व पर भाई को तिलक करने का मुख्य विधान दोपहर या अपराह्न काल में माना गया है, जिसके चलते यह तिथि पर्व मनाने के लिए अत्यंत श्रेष्ठ है।
उदया तिथि और अपराह्न काल का विशेष संयोग
ज्योतिषाचार्य पं. ध्रुव कुमार निर्भीक के अनुसार, निर्णय सिंधु के ग्रंथ के अनुसार भ्रातृ द्वितीया (भाई दूज) के निर्णय के लिए मुख्य रूप से अपराह्न काल और उदया तिथि दोनों का विचार किया जाता है। 10 नवंबर को सूर्योदय के समय प्रतिपदा तिथि होने और द्वितीया तिथि दोपहर के बाद आरंभ होने के कारण उस दिन उदया तिथि का संयोग नहीं मिल रहा था।
वहीं 11 नवंबर को द्वितीया तिथि सूर्योदय से लेकर दोपहर 03:53 बजे तक रहेगी। चूंकि तिलक करने का समय दोपहर के वक्त ही निर्धारित होता है, इसलिए 11 नवंबर को उदया तिथि के साथ-साथ अपराह्न व्यापिनी तिथि का पूर्ण संयोग प्राप्त हो रहा है। यही कारण है कि शास्त्र सम्मत रूप से 11 नवंबर को ही भाई दूज का पर्व मनाना पूरी तरह उचित है।
भाई को तिलक करने के लिए ये रहेंगे शुभ मुहूर्त
भाई दूज के दिन बहनों द्वारा भाइयों को तिलक करने के लिए दोपहर का मुख्य मुहूर्त और अन्य चौघड़िया मुहूर्त इस प्रकार रहेंगे:
मुख्य दोपहर मुहूर्त: दोपहर 01:15 बजे से दोपहर 03:09 बजे तक
सर्वोत्तम मुहूर्त: सुबह 08:02 बजे से सुबह 09:23 बजे तक
शुभ (उत्तम) मुहूर्त: सुबह 10:44 बजे से दोपहर 11:52 बजे तक
लाभ (उन्नति) मुहूर्त: शाम 04:08 बजे से शाम 05:19 बजे तक