
बहेड़ी (बरेली) । थाना बहेड़ी पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक शातिर बाइक चोर को चोरी की मोटरसाइकिल और 9 मास्टर चाबियों के गुच्छे के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीम ने वन विभाग तिराहे पर चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवार संजू उर्फ रघू उर्फ संजीव कुमार को रोका। बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट (UP25N1331) लगी थी। ई-चालान ऐप पर चेसिस नंबर से जांच करने पर उसका असली नंबर UP21CX5106 निकला। यह बाइक करीब 20-25 दिन पहले लालकुआं (उत्तराखंड) के पंजाब नेशनल बैंक के बाहर से चोरी हुई थी।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए बाइक चुराकर उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर बेचता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी संजू के खिलाफ बरेली के विभिन्न थानों में चोरी, लूट व आर्म्स एक्ट के 8 आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।