
बरेली। लाला के जन्मोत्सव का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। भजन-कीर्तन की सुरमयी प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत भजन गायक जगदीश भाटिया ने महामंत्र “हरे रामा हरे कृष्णा, हरे रामा…” के संकीर्तन से की, जिससे श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए।
इसके बाद भजन “सांवरा जरूर आएगा, मुझको यकीन है…” की प्रस्तुति ने भक्तों को भाव-विभोर कर दिया। भजन गायक राजीव रस्तोगी जी ने “तेरा किसने किया श्रृंगार…” सुनाकर समां बांध दिया। वहीं मुकेश जी ने “धारा तो बह रही राधा नाम की…” तथा पंकज जी ने “मैंने मोहन को बुलाया है, आता होगा…” जैसे भजनों की शानदार प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
जन्मोत्सव के अवसर पर लाला का केक काटा गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आरती में भाग लेकर भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी भक्तों को महाप्रसाद का वितरण किया गया।
पूरे आयोजन के दौरान “तेरे भरोसे मेरी नाव रे, बेड़ा पार कर दे…” सहित भजनों की गूंज से वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा और श्रद्धालु देर तक भक्ति में लीन रहे।