
बरेली। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के आह्वान पर गुरुवार को उत्तर प्रदेश पश्चिम युवा कांग्रेस ने सभी जिलों में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बरेली में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन कर मुख्य निर्वाचन आयुक्त का पुतला फूंका और निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े किए।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला ने कहा कि चुनाव देश के लोकतंत्र की रीढ़ हैं और जनता का विश्वास आयोग की पारदर्शिता पर टिका है। उन्होंने आयोग के भीतर आंतरिक मतभेदों, मतदाता सूची में बदलाव और तकनीकी सॉफ्टवेयर से जुड़े फैसलों पर सवाल उठाते हुए मांग की कि चुनाव आयोग देश के सामने आकर प्रत्येक आपत्ति पर स्पष्टीकरण दे। उन्होंने राष्ट्रपति से इस पूरे प्रकरण में हस्तक्षेप कर तकनीकी निर्णयों की स्वतंत्र जांच कराने और रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की।
इस मौके पर युवा कांग्रेस नेताओं ने दो टूक कहा कि जब तक चुनावी प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों के संतोषजनक जवाब नहीं मिलते, यह आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष अयान खान, अफसार खान, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष ताबिश हसन, अवनीश चौबे, शिवांश शर्मा सहित बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी मौजूद रहे।