
बरेली। श्री गुरु गोविंद सिंह इण्टर कॉलेज में मंगलवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत पोस्टर निर्माण और भाषण प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि महापौर उमेश गौतम ने शिरकत की और विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए महापौर उमेश गौतम ने कहा कि 2047 तक भारत को एक सशक्त और विकसित राष्ट्र बनाने की नींव आज की युवा पीढ़ी ही रख रही है। उन्होंने छात्रों से बड़े लक्ष्य तय करने और अटूट संकल्प के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि लगन, अनुशासन और सेवा भाव से ही देश का भविष्य संवरेगा।
प्रतिभाओं ने दिखाया दम
‘मेरे सपनों का भारत : चित्र सेवा’ थीम पर आधारित पोस्टर प्रतियोगिता में छात्रों ने अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से उकेरा।
पोस्टर प्रतियोगिता: कक्षा 9 के आयुष ने प्रथम स्थान हासिल किया। कक्षा 10 के अनुभव वर्मा और कक्षा 9 के पुष्पेंद्र यादव संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि कक्षा 9 के कृष्णा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
भाषण प्रतियोगिता: देश के विकास और युवा शक्ति पर अपने विचार रखते हुए कक्षा 10 के हितांशु ने पहला स्थान पाया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने महापौर उमेश गौतम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रेरक उद्बोधन और मार्गदर्शन से बच्चों में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। इस मौके पर विद्यालय के शिक्षकगण व बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
