
बरेली । नया मोबाइल फोन न मिलने से नाराज होकर घर से भागे एक 17 वर्षीय किशोर को थाना भोजीपुरा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर लिया।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात किशोर परिजनों से नया मोबाइल दिलाने की मांग कर रहा था। मांग पूरी न होने पर वह रात करीब 10 बजे नाराज होकर नहर की ओर चला गया। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कुँवर बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इटौआ नदी व नहर के आसपास सघन खोजबीन अभियान चलाया। पुलिस ने किशोर को नदी और नहर के बीच से सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। किशोर के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने पुलिस का आभार जताया।