
बरेली। रिजर्व पुलिस ग्राउंड में आयोजित उत्तरी जोन बालक एथलेटिक्स प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने ट्रैक और फील्ड पर जबरदस्त दमखम दिखाया। सात स्कूलों के बीच हुए कड़े मुकाबले में अंडर-14 वर्ग में विष्णु इंटर कॉलेज ने बाजी मारी, जबकि अंडर-17 और अंडर-19 दोनों वर्गों में मनोहर भूषण इंटर कॉलेज ओवरऑल चैंपियन बनकर उभरा।
अंडर-14: 100 व 200 मीटर दौड़ में गुरु गोविंद सिंह कॉलेज के अब्दुल सारिक पहले व विष्णु कॉलेज के अमित दूसरे स्थान पर रहे। 600 मीटर दौड़ में विष्णु कॉलेज के वंशी ने पहला व माधव ने दूसरा स्थान पाया।
अंडर-17: 100 मीटर में मनोहर भूषण के सहजिल प्रथम व गुलाब राय के नंदकिशोर द्वितीय रहे। 400 मीटर में सहजिल प्रथम व अनमोल द्वितीय रहे। 800 मीटर में मनोहर भूषण के हिमांशु प्रथम व केडीएम के गौरव द्वितीय रहे। भाला फेंक में गुरु गोविंद सिंह कॉलेज के अभिषेक कुमार अव्वल रहे।
अंडर-19: 100 मीटर में गुरु गोविंद सिंह कॉलेज के आदिल प्रथम व सचिन द्वितीय रहे। 200 मीटर में केडीएम के अतुल यादव व 400 मीटर में मनोहर भूषण के अंकित यादव पहले पायदान पर रहे। 1500 मीटर दौड़ केडीएम के प्रांजल ने जीती। फील्ड स्पर्धा में मनोहर भूषण के आदित्य सिंह ने गोला फेंक और चक्का फेंक दोनों में पहला स्थान हासिल कर दबदबा बनाया।
जोन प्रभारी व विष्णु इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य देवेंद्र कुमार ने सभी विजेताओं को सम्मानित कर जिला स्तर पर और बेहतर प्रदर्शन का आह्वान किया। शारीरिक शिक्षक विजय यादव ने बताया कि चयनित छात्र जिला स्तरीय मीट में जोन का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस दौरान जिला क्रीड़ा सचिव नईम अहमद, विजय रतन सिंह, गौरव वशिष्ठ, आदेश सिंह, विकास गंगवार व डॉ. अजीत कुमार मौजूद रहे।