
बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र में मंदिर जा रही महिला से कुंडल छिनैती की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में एक आरोपी अजय मिश्रा घायल हो गया। उसके दो साथियों को भी मौके से दबोच लिया गया।
पुलिस के अनुसार 9 सितंबर को संजयनगर निवासी पूनम अपनी बेटी व पड़ोसन के साथ मॉडल टाउन स्थित हरि मंदिर जा रही थीं। मॉडल टाउन गेट के पास पीछे से आए बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके दोनों कुंडल छीन लिए और बाइक सवार साथी के साथ फरार हो गया। मामले में बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
15 सितंबर को भरतौल रोड स्थित एफसीआई गोदाम के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रोका। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अजय मिश्रा घायल हो गया, जबकि पिंटू मिश्रा और तरुण उर्फ आकाश को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध .315 बोर तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, छीने गए पीली धातु के दोनों कुंडल और बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।