
बरेली। सेना में अग्निवीर बनने का सपना संजोए युवाओं की अग्निपरीक्षा सोमवार से जाट रेजिमेंट सेंटर में शुरू होगी। 14 से 30 सितंबर तक चलने वाली भर्ती के लिए रविवार देर रात से ही अभ्यर्थी प्रवेश द्वार पर पहुंचकर जुटने लगे।
पहले दिन टेक्निकल ट्रेड में बरेली, बदायूं, फर्रुखाबाद, हरदोई और संभल के युवा दौड़ में अपना दमखम दिखाएंगे।
बरेली सेना भर्ती मुख्यालय के अनुसार भर्ती में अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी), टेक्निकल और ट्रेड्समैन (आठवीं एवं दसवीं पास) के पदों के लिए चयन होगा। इसमें हरदोई, पीलीभीत, सीतापुर, बरेली, बहराइच, बलरामपुर, बदायूं, फर्रुखाबाद, लखीमपुर खीरी, संभल, शाहजहांपुर और श्रावस्ती के युवा शामिल होंगे।
भर्ती में वही अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे, जिन्होंने 1 से 12 जून के बीच आयोजित ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस परीक्षा उत्तीर्ण की है। 15 सितंबर को टेक्निकल ट्रेड में सीतापुर, पीलीभीत, बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, शाहजहांपुर व लखीमपुर खीरी के अभ्यर्थी तथा ट्रेड्समैन के युवा शामिल होंगे। 16 सितंबर को जीडी ट्रेड के लिए लखीमपुर खीरी और बहराइच के अभ्यर्थियों की बारी होगी।