
बरेली। नाथ कॉरिडोर के तहत शहर के प्रमुख स्थलों के सौंदर्यीकरण और विकास की कवायद तेज हो गई है। महात्मा गांधी उद्यान के सामने स्थित गौतम बुद्ध पार्क के निकट चौराहे के समग्र पुनर्विकास का प्रस्ताव तैयार किया गया है। यहां भगवान गौतम बुद्ध की भव्य प्रतिमा स्थापित कर इसे ‘गौतम बुद्ध चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही चौराहे के पुनर्निर्माण से यातायात व्यवस्था को भी बेहतर किया जाएगा।

गांधी उद्यान में नाथ नगरी की संस्कृति, आस्था और नाथ कॉरिडोर की थीम दर्शाने वाली आकर्षक फोकस वॉल भी विकसित की जाएगी।
प्रस्ताव को लेकर गौतम बुद्ध पार्क समन्वय संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पाण्डेय से मुलाकात कर योजना का स्वागत किया। समिति ने स्तूपाकार प्रवेश द्वार और गौतम बुद्ध मार्ग पर धम्म उपदेश प्रदर्शित करने के सुझाव भी दिए।
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पाण्डेय ने कहा कि नाथ कॉरिडोर के माध्यम से बरेली की पहचान, आस्था, संस्कृति और विरासत को नई भव्यता देने का प्रयास किया जा रहा है। ‘गौतम बुद्ध चौक’ इसी व्यापक विकास योजना का हिस्सा है।