
बरेली। विकास खंड बिथरी चैनपुर स्थित सरदार पटेल सभागार में शनिवार को उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के तत्वावधान में शैक्षिक संगोष्ठी एवं सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एमएलसी बहोरन लाल मौर्य ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एमएलसी बहोरन लाल मौर्य ने कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता, बल्कि वह समाज को आजीवन नई दिशा और ऊर्जा देने का काम करता है। शिक्षक के कार्य समाज के लिए दर्पण के समान हैं। वहीं मुख्य वक्ता जिलाध्यक्ष जितेंद्र गंगवार ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक और सड़क एक समान हैं, जो खुद एक स्थान पर ठहरकर दूसरों को उनकी मंजिल तक पहुंचाते हैं।
विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि हरेंद्र पटेल व मांडलिक मंत्री रुचि सैनी ने कहा कि गुरु का दर्जा ईश्वर तुल्य है, जो सदैव समाज कल्याण में समर्पित रहते हैं। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा सेवानिवृत्त शिक्षकों को तुलसी का पौधा एवं शाल ओढ़ाकर भावभीना सम्मान दिया गया।
ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद चौधरी ने सभी नवागत व वरिष्ठ अतिथियों का आभार जताया। मंच का संचालन शिक्षिका मोनिका गुप्ता एवं अभिषेक शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।
इस मौके पर प्रदीप कुमार गुप्ता, गिरजेश कुमार, पुष्कर उपाध्याय, अरविंद गंगवार, अजय कुमार, रितु मिश्रा, अपर्णा सिंह, नीतू गुप्ता, आरती गंगवार, अंशू अग्रवाल, अखिलेश पांडेय, योगेंद्र यादव व अल्पना सक्सेना सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व पदाधिकारी मौजूद रहे।