
बरेली। सीबीगंज में खलीलपुर रोड बदहाल है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं। पिछले करीब सप्ताह भर से नगर निगम की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त है। रोजाना पानी बहता रहता है। सड़क पर जलभराव और कीचड़ की हालत बनी रहती है।
खलीलपुर रोड पर मदर इंडिया और कृष्णा पब्लिक एकेडमी नाम के दो जूनियर हाईस्कूल भी संचालित हैं। सड़क पर जलभराव और कीचड़ के कारण स्कूल आने-जाने वाले सैकड़ों बच्चों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बच्चों को पानी और कीचड़ के बीच से होकर स्कूल जाना पड़ रहा है।
जल्द होगी पाइपलाइन की मरम्मत
वार्ड 22 के पार्षद रचित गुप्ता ने बताया कि नगर निगम में शिकायत दर्ज करा दी गई है। जलकल विभाग को भी क्षतिग्रस्त पाइपलाइन के बारे में जानकारी दी गई है। जल्द ही पाइपलाइन को ठीक कराया जाएगा।