
बरेली। गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान में बरेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अगस्त 2026 में पुलिस की सर्विलांस, साइबर टीम और कंप्यूटर ऑपरेटरों की संयुक्त टीम ने आधुनिक तकनीक व CEIR पोर्टल की मदद से 458 गुम मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 85 लाख रुपये है।
4 सितंबर को रिजर्व पुलिस लाइंस स्थित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे। खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने पुलिस का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार जनवरी 2025 से अगस्त 2026 तक कुल 6,638 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 13.10 करोड़ रुपये है, बरामद किए जा चुके हैं।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर फोन ब्लॉक कराएं।