
बरेली। आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए आमजन को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य-पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में सघन जांच अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की गठित चार टीमों ने 26 अगस्त को शहर और तहसील क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं खाद्य पदार्थों की जांच की।
अभियान के दौरान रामपुर रोड स्थित दिल्ली स्वीट्स से बर्फी और काजू कतली, बड़ा बाजार स्थित दीपक स्वीट्स से घेवर व सोनपापड़ी तथा इंडस अजंता, डोहरा रोड से बेसन के लड्डू और घेवर के नमूने लिए गए। इन छह नमूनों को अलग-अलग निर्माणशालाओं एवं वर्कशॉप से संग्रहित किया गया।
तहसील बहेड़ी क्षेत्र के गांव पड़ेरा, थाना शेरगढ़ से बर्फी और मऊई काजियान से भी बर्फी का नमूना लिया गया। रामगंगा चौकी पर बिक्री के लिए ले जाए जा रहे पनीर की जांच करते हुए वाहन संख्या यूपी-25 एटी-9278 से पनीर का नमूना संग्रहित किया गया।
इसके अलावा रेडिसन होटल, मुड़िया अहमदनगर से पनीर, फतेहगंज पूर्वी स्थित सोहन लाल मिष्ठान भंडार से खोया तथा फरीदपुर के बाजार क्षेत्र से दूध की लॉज का नमूना लिया गया। सभी नमूनों को जांच के लिए राजकीय खाद्य विश्लेषक को भेज दिया गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
27 अगस्त को भी कार्रवाई जारी रही। मौलागढ़ में खाद्य कारोबारकर्ता शेरखान से बर्फी तथा गांव आसपुर गौटिया में इदरीस से मिल्क केक का नमूना संग्रहित किया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।