
बरेली। सोशल मीडिया पर विवादित वीडियो शेयर कर अशोभनीय एवं अमर्यादित टिप्पणी करने के मामले में थाना देवरनिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी की टिप्पणी से आम जनमानस में आक्रोश उत्पन्न हुआ था।
पुलिस के अनुसार 22 अगस्त को ऐवरन पुत्र रघुवीर सिंह निवासी ग्राम गिरधरपुर, थाना देवरनिया ने अपनी इंस्टाग्राम आईडी से एक विवादित वीडियो शेयर करते हुए आपत्तिजनक कमेंट किया था। मामले में थाना देवरनिया में मु0अ0सं0 349/2026 के तहत धारा 299/353(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
24 अगस्त को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को उसके घर से करीब दोपहर 1:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने मोबाइल से आपत्तिजनक वीडियो की स्टोरी लगा दी थी और उससे गलती हो गई। पुलिस टीम में थाना प्रभारी आशुतोष द्विवेदी, उपनिरीक्षक मुकेश कुमार तथा कांस्टेबल 2908 राजन शामिल रहे।