
बरेली, भमोरा। गंगा में स्नान करने गए घिलौरा निवासी सोबरन सिंह की तलाश करीब 27 घंटे बाद पूरी हुई। सोमवार को उनका शव गंगा किनारे झाड़ियों में फंसा मिला। शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।
रविवार सुबह करीब 10 बजे सोबरन सिंह गांव से करीब एक किलोमीटर दूर गंगा में स्नान करने गए थे। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव में डूब गए। मौके पर मौजूद बच्चों ने घटना देख शोर मचाया तो ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सोबरन के पुत्र चंद्रभान सिंह समेत ग्रामीणों ने काफी देर तक नदी के आसपास तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
सोमवार को भमोरा पुलिस के साथ एनडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों व स्थानीय गोताखोरों की मदद से गंगा में तलाश अभियान चलाया। इसी दौरान घिलौरा गांव के पास फिरोजपुर से करीब तीन किलोमीटर पूर्व खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों को गंगा किनारे झाड़ियों में शव फंसा दिखाई दिया। पहचान सोबरन सिंह के रूप में होने पर परिजनों को सूचना दी गई।
शव गांव पहुंचते ही पत्नी कंचन देवी और बेटों श्याम सिंह, चंद्रभान सिंह व गंगा शरण का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सोबरन सिंह राजमिस्त्री का काम करने के साथ टेलरिंग भी करते थे और परिवार की आजीविका में सहयोग करते थे। उनकी मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।