खेलो इंडिया संवाद में खेल, फिटनेस और राष्ट्र निर्माण पर होगा युवाओं से संवाद

बरेली। सोमवार को जनपद बरेली स्थित माय भारत कार्यालय में उपनिदेशक पुष्पा सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आगामी राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले खेलो इंडिया संवाद खेल की बात पीएम के साथ कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त 2026, गुरुवार को सुबह 11 बजे महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर देशभर के युवाओं को खेल, फिटनेस एवं राष्ट्र निर्माण के राष्ट्रीय विजन से जोड़ने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। देश के प्रत्येक जिले में चयनित दो महाविद्यालयों में एक साथ कार्यक्रम आयोजित होगा।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा, जिसका सभी निर्धारित स्थलों पर एक साथ लाइव प्रसारण किया जाएगा। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद स्थानीय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें स्थानीय खिलाड़ी एवं युवा आइकॉन के बीच खेल क्षेत्र से जुड़े विषयों पर संवाद किया जाएगा। इसके बाद केंद्रीय एवं राज्य स्तर के जनप्रतिनिधियों का संबोधन तथा युवाओं के साथ युवा संवाद आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की यह स्थानीय कड़ी प्रधानमंत्री के संबोधन के तत्काल बाद शुरू होगी।
उपनिदेशक पुष्पा सिंह ने बताया कि युवा संवाद कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा, जिसमें युवाओं के विचारों, सुझावों एवं आकांक्षाओं को सुना और दर्ज किया जाएगा। इसके लिए चार प्रमुख विषय निर्धारित किए गए हैं, जिनमें अधिक नागरिक जागरूक एवं जिम्मेदार युवा का निर्माण, भविष्य के लिए तैयार युवा एवं कक्षा से आगे के कौशल, नई पीढ़ी के लिए स्वयंसेवा की नई अवधारणा तथा माय भारत को और मजबूत मंच बनाना शामिल हैं। युवाओं द्वारा दिए गए सुझावों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत दर्ज कर आगे प्रेषित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान माय भारत पंजीकरण अभियान भी चलाया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को माय भारत प्लेटफॉर्म से जोड़ा जा सके। प्रतिभागियों को अपने सुझाव डिजिटल माध्यम से देने के लिए कार्यक्रम स्थल पर क्यूआर कोड की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को केवल खेल और फिटनेस से जोड़ना ही नहीं, बल्कि उनमें नागरिक जिम्मेदारी, कौशल विकास, स्वयंसेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को भी मजबूत करना है।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks