
बरेली। अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत कुमार ने गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय जिला पुस्तकालय एवं मैथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पठन-पाठन, छात्र उपस्थिति, कम्प्यूटर शिक्षा, पुस्तकालय सुविधाओं और साफ-सफाई व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
राजकीय इंटर कॉलेज में कक्षा 7 एवं 9 में पहुंचकर छात्रों को कराए जा रहे शैक्षणिक कार्यों की जानकारी ली गई। अधिकारियों ने छात्रों से निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों के संबंध में जानकारी की, जिस पर कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों ने पुस्तकें प्राप्त होने की जानकारी दी। कक्षाओं में पंजीकृत संख्या से कम छात्र मिलने पर प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों से जानकारी ली गई। बताया गया कि यूनिट टेस्ट के कारण कुछ छात्र विद्यालय से चले गए थे।

कक्षा 10 की अंग्रेजी माध्यम से संचालित कक्षा का निरीक्षण कर छात्र-छात्राओं की कॉपियां भी देखी गईं। अधिकारियों ने प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की नियमित काउंसलिंग की जाए तथा पढ़ाई में कमजोर एवं हाल ही में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं संचालित कर शैक्षिक स्तर में सुधार किया जाए।
कम्प्यूटर लैब के निरीक्षण के दौरान कक्षा 9 के छात्रों को कम्प्यूटर कार्य करते पाया गया। एडीएम सिटी ने छात्र से कम्प्यूटर संचालन एवं उसकी जानकारी से जुड़े सवाल पूछकर शैक्षिक स्तर का जायजा लिया।
इसके बाद अधिकारियों ने राजकीय जिला पुस्तकालय का निरीक्षण किया। यहां छात्र-छात्राएं अध्ययन करते मिले। अधिकारियों ने उनसे पुस्तकों की उपलब्धता और आवश्यक सुविधाओं के बारे में जानकारी ली, जिस पर विद्यार्थियों ने किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने की बात कही।
मैथोडिस्ट गर्ल्स इंटर कॉलेज के निरीक्षण के दौरान कक्षाएं संचालित मिलीं। अधिकारियों ने छात्राओं से विषय आधारित प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने संतोषजनक उत्तर दिया। निरीक्षण में सभी विद्यालयों में साफ-सफाई की व्यवस्था भी समुचित पाई गई।
अधिकारियों ने विद्यालय प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया कि संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी विद्यार्थियों को नियमित रूप से प्रार्थना स्थल पर दी जाए, ताकि छात्र-छात्राओं में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।