आधार की धीमी रफ्तार पर डीएम सख्त, तहसीलों में लगेंगे विशेष कैंप

बरेली। आधार अपडेशन और नए नामांकन की धीमी प्रगति को लेकर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय आधार अनुश्रवण समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
बैठक में जिलाधिकारी ने तहसीलों में आधार संबंधी कार्यों की अधिक पेंडेंसी पर नाराजगी जताते हुए विशेष कैंप आयोजित कर लंबित मामलों का तेजी से निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आधार कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग की जाए, ताकि जनपद की प्रगति और प्रतिशत में अपेक्षित सुधार हो सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि आधार अपडेशन के मामले में जनपद की स्थिति संतोषजनक नहीं है और इसमें विशेष सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारियों को नियमित लक्ष्य निर्धारित कर आधार अपडेशन की प्रगति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।


बच्चों के आधार नामांकन पर विशेष जोर
0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के आधार नामांकन की धीमी प्रगति पर भी जिलाधिकारी ने गंभीरता दिखाई। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए पात्र बच्चों का आधार नामांकन तेजी से कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आधार केंद्रों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए, जिससे अधिक से अधिक लोग इन केंद्रों का लाभ उठा सकें और आधार संबंधी कार्यों के लिए उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अजय चौधरी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीत शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

About The Author

पं.सत्यम शर्मा

Learn More →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

अपडेट खबर के लिए इनेबल करें OK No thanks