
बरेली, फतेहगंज पश्चिमी। घरेलू कलह से नाराज होकर आत्महत्या करने के इरादे से रेलवे ट्रैक पर बैठी महिला की जान पुलिस और रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता से बच गई। पुलिस ने महिला को ट्रैक से हटाकर समझा-बुझाकर उसके पति के साथ घर भेज दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब एक बजे थाना शाही क्षेत्र की निवासी शिवानी उर्फ ममता का पति से घरेलू विवाद हो गया था। विवाद से नाराज होकर महिला धनेटा फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर जाकर बैठ गई और आत्महत्या करने की कोशिश करने लगी।
ट्रैक पर काम कर रहे रेलवे कर्मचारियों की नजर महिला पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल धनेटा फाटक पर तैनात पुलिस कर्मियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को रेलवे ट्रैक से हटाकर सुरक्षित स्थान पर ले गई। पुलिस ने महिला को समझा-बुझाकर शांत किया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके पति को भी मौके पर बुलाया। दोनों को समझाते हुए पुलिस ने आपसी विवाद को बातचीत से सुलझाने और भविष्य में इस तरह का कदम न उठाने की हिदायत दी। इसके बाद महिला अपने पति के साथ राजी-खुशी घर चली गई।
पुलिस और रेलवे कर्मचारियों की समय पर दिखाई गई सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। समय रहते महिला को रेलवे ट्रैक से हटाए जाने से उसकी जान बच सकी।