
बरेली, मुरादाबाद। प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक जर्नलिस्ट एसोसिएशन (पेजा) के तत्वावधान में आगामी 30 अगस्त को प्रातः 11 बजे मुरादाबाद मुख्यालय पर पत्रकार सम्मेलन एवं अटल अवार्ड सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में सहारनपुर, मेरठ, बरेली एवं मुरादाबाद मंडल के पत्रकार बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
आयोजन को सफल बनाने के लिए पेजा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश चंद्र कुशवाहा ने मंडल प्रभारियों एवं सह-प्रभारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपने-अपने मंडलों में व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पत्रकारों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।
पत्रकार सम्मेलन की तैयारियों को लेकर राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तराखंड के सह-प्रभारी राजेश कुमार गुप्ता तथा राष्ट्रीय सचिव एवं मुरादाबाद मंडल प्रभारी सारिक उस्मानी को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। पदाधिकारियों द्वारा मंडल स्तर पर पत्रकारों से संपर्क कर सम्मेलन में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।
सारिक उस्मानी ने बताया कि 30 अगस्त को होने वाला यह सम्मेलन पत्रकारों के आपसी संवाद, संगठनात्मक मजबूती और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के सम्मान का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
वहीं राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि चार मंडलों के पत्रकारों का यह विशाल सम्मेलन संगठन की एकजुटता और पत्रकार हितों को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। उन्होंने सभी पत्रकार साथियों से अधिक से अधिक संख्या में मुरादाबाद पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।